समाजवादियों ने घेरा भाजपा विधायक को 



कानपुर । समाजवादी पार्टी व प्रान्तीय व्यापार मण्डल से जुड़े व्यापारियों ने भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी का घेराव कर विधायक को ज्ञापन देते हुए पूछा कि कब कूड़े के ढेरों व आवारा जानवरों से निजात मिलेगी।सपा व्यापार सभा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष व उत्तर प्रदेश प्रान्तीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता के साथ काफी संख्या में व्यापारी भाजपा विधायक के निवास पहुँचे और उनसे कूड़े व जानवरों की समस्या के विषय में पूछा।इस मौके पर अभिमन्यु गुप्ता ने कहा की भाजपा स्वच्छ भारत,नमामि गंगे व कानपुर स्मार्ट सिटी की योजनाओं के अभियान को खूब प्रचारित तो कर रही है पर ज़मीनी हक़ीक़त कुछ और है।जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हैं और आवारा जानवर लोगों पर हमला कर रहेन हैं।माँ गंगा आज भी उतनी ही गंदगी झेल रही हैं।सत्तापक्ष भाजपा के ही विधायक महेश त्रिवेदी जी से आज हमसब ने सवाल किया।उनकी सरकार में जगह जगह लगे कूड़े के ढेर,आवारा जानवर,मैली गंगा व गंगा बैराज में फेल सुरक्षा व्यवस्था के विषय में पत्र दिया।जवाब तो भाजपा के नेता ही दे सकते हैं की कूड़े के ढेर कब खत्म होंगे और कब आवारा जानवरों की समस्या खत्म होगी।सत्ता वो ही चला रहे हैं इसलिए पूछेंगे भी हमलोग उनसे ही। मुख्यमंत्री योगी जी के दौरों के बीच कानपुर लगातार कूड़े के ढेरों व आवारा जानवरों की वजह से त्राहि त्राहि कर रहा है।भाजपा राज में नोटबंदी,जीएसटी,एफडीआई,ऑनलाइन व्यापार व उत्तर प्रदेश में महँगी बिजली व अपराध से परेशान व्यापारी अब कूड़े के ढेर व जानवरों की वजह से व्यापार व दुकान बंद करने को मजबूर हो जाएगा।विधायक ने प्रशासन से बात करके जल्द समस्याओं के निस्तारण करवाने का आश्वासन दिया।प्रान्तीय व्यापार मण्डल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष संजय बिस्वारी, अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल,ग्रामीण अध्यक्ष विनय कुमार,शेषनाथ यादव, गौरव बकसारिया,हरिओम शर्मा,मनोज चौरसिया,राजेन्द्र मोबाइल,करण साहनी,अमित तिवारी,अंकुर गुप्ता आदि मौजूद थे।