युवती ने की आत्महत्या,पति के नाजायज संबंधों से थी परेशान


कानपुर। मीरपुर छावनी में युवती ने पति के नाजायज संबंधों से परेशान होकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मायके पक्ष के लोगों को जब घटना की जानकारी हुई तो परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रेल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
रेल बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत मीरपुर छावनी निवासी मनोज कुमार प्राइवेट कर्मचारी है। मनोज ने बुधवार को बताया कि परिवार में पत्नी गुड्डी व चार बेटी व एक बेटा आदर्श है। छोटी बेटी आयुषी उर्फ निधि (20) का पड़ोस में रहने वाले विष्णु कुमार से प्रेम संबंध हो गए थे। जब घर वालों को इसकी जानकारी हुई तो परिजनों ने बेटी को मना किया। लेकिन बेटी नहीं मानी और घर से भाग कर शादी कर ली। शादी के बाद घर वालों ने दोनों को अपना लिया और पड़ोस में कमरा किराए पर लेकर रहने लगे। वही विष्णु के पड़ोस में रहने वाली एक दूसरी युवती से प्रेम संबंध हो गए। इसकी जानकारी जब बेटी आयुषी को हुई तो उसने विरोध जताया। विरोध जताने पर विष्णु उसके साथ मारपीट करने लगा। मंगलवार को देर शाम को विष्णु वीडियो कॉलिंग पर दूसरी लड़की से बात  कर रहा था। जब बेटी को जानकारी हुई तो दोनों के बीच में झगड़ा हुआ। झगड़े के दौरान विष्णु ने बेटी को बुरी तरह से पीटा और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली। जिससे आहत होकर युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। इसकी जानकारी जब मायके पक्ष को हुई तो वह मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने से पहले ससुराली जन मौके से भाग निकले। वहीं पुलिस ने घटना की जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।