युवक ने लगाई फांसी, परिजनों ने मायके पक्ष पर लगाया आरोप


कानपुर । बिठूर थानाक्षेत्र अंतर्गत शटरिंग का कार्य करने वाले सुरेन्द्र यादव  नामक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ससुरालियों ने पत्नी व मायके पक्ष पर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए जांच कर विधिक कार्यवाही शुरु कर दी है।
बिठूर के हिन्दूपुर गांव में रहने वाले सुरेन्द्र यादव (30) शटरिंग का कार्य करता था। 2017 के दिसम्बर महीने में जाजमऊ निवासिन सुमन से शादी हुई थी। दोनों के नौ माह की बेटी है। एक माह पूर्व किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़े के चलते पत्नी मायके चली गई थी। मंगलवार को सुमन बिठूर में ससुराल के पास एक जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। यहां पर पति के परिजन भी पहुंचे थे और दोनों के बीच नोकझोक हुई थी। बुधवार को सुरेन्द्र का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। आत्महत्या की जानकारी पर पुलिस को सूचना दी गई। ससुरालियों ने मृतक की पत्नी व मायके पक्ष पर मारपीट किए जाने से परेशान होकर फांसी लगाए जाने की आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोप की जांच की जा रही है, फिलहाल शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए कार्यवाह की जा रही है।